जिले के पनियाला थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा खुलेआम की गई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो 6 मार्च के आसपास का बताया जा रहा है। वीडियो में फायरिंग करता नजर आ रहा युवक अशोक रावत पुत्र अडीसाल, जिसके खिलाफ 27 फरवरी को भी फायरिंग और जानलेवा हमले का मामला पनियाला थाने में दर्ज किया गया था। इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस लापरवाही के चलते अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: एसआई भर्ती विवाद पर कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक आज, 26 को हाईकोर्ट में सुनवाई
आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर फायरिंग के वीडियो अपलोड कर रहा है, जिससे प्रतीत होता है कि वह कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहा है। ऐसे में जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालने पर भी सख्त कार्रवाई की जाती है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे गंभीर मामलों में यदि अब भी ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह एक आम प्रवृत्ति बन सकती है।