Kota News: प्रकरण में सामने आया है कि परिवादी बुधवार देर रात को 10 हजार रुपए लेकर थाने से कुछ ही दूरी पर पहुंच गया। जहां पर उसने दोनों कांस्टेबल को 10 हजार रुपए पकड़ा दिए। परिवादी का इशारा मिलते ही एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
राजस्थान के कोटा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने देर रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत प्रकरण मामले में दो कांस्टेबल को रंगे हाथों रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा घटनाक्रम दादाबाड़ी थाने से जुड़ा हुआ सामने आया है। दोनों कांस्टेबलों ने मारपीट के एक मामले में परिवादी के बेटों को बचाने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की थी। जिसका सत्यापन होने के बाद एसीबी ने देर रात को जाल बिछाकर दोनों कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने 31 मार्च को एसीबी से संपर्क किया था और बताया था कि दादाबाड़ी थाने में उसको दो बेटों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज है। प्रकरण में चार आरोपी गिरफ्तार किए थे। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी थी। परिवारी के बेटों को राहत देने के लिए दो कांस्टेबल बनवीर आचार्य और मनीष कुमार जांगिड़ ने रिश्वत के डिमांड की थी। जिसका सत्यापन करवाने पर सामने आया कि कांस्टेबलों ने 30 हजार रुपए की परिवादी से रिश्वत मांगी है।
मामले का सत्यापन करवाने के बाद परिवादी बुधवार देर रात को 10 हजार रुपए लेकर थाने से कुछ ही दूरी पर पहुंच गया। जहां पर उसने दोनों कांस्टेबल को 10 हजार रुपए संभला दिए। परिवादी का इशारा मिलते ही एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों कांस्टेबलों की भर्ती साल 2018 में हुई थी। एसीबी ने बताया कि जिस मामले में कांस्टेबल ने रिश्वत ली है उसकी जांच सब इंस्पेक्टर कर रहे हैं।