प्री-डीएलएड का परीक्षा परिणाम घोषित
- फोटो : Amar Ujala
वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा ने प्री-डीएलएड (बीएसटीसी) परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। बुधवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणाम जारी किया। इस वर्ष श्रीगंगानगर की मुस्कान चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
मुस्कान चौधरी ने 600 में से 537 अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं अजमेर की चंचल वैष्णव 528 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भीलवाड़ा के त्रिलोक बैरागी ने 525 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। शिक्षा मंत्री ने तीनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पांच लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
प्री-डीएलएड परीक्षा के समन्वयक डॉ. आलोक चौहान ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 6 लाख 5 हजार 242 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 4 लाख 97 हजार 178 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पारी में 2 लाख 48 हजार 255 और दूसरी पारी में 2 लाख 48 हजार 923 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के सभी 41 जिला मुख्यालयों के साथ विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर भी किया गया था।
1774 परीक्षा केंद्रों पर हुआ आयोजन
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्यभर में 1774 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्थाएं भी अपनाई थीं।
ये भी पढ़ें-
जयपुर नूरानी मस्जिद विवाद: 'अपराध होगा तो बुलडोजर चलेगा', मुस्लिम फोरम के बयान पर भाजपा विधायक का तीखा पलटवार
अब शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
रिजल्ट जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। काउंसलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को डीएलएड कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय जल्द ही काउंसलिंग कार्यक्रम और सीट आवंटन की विस्तृत जानकारी जारी करेगा।
1000 स्कूलों में शुरू होगी AI की पढ़ाई
रिजल्ट जारी करने के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के 1000 स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षा शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा अपनाई गई नई तकनीकों का अध्ययन अन्य एजेंसियों को भी करना चाहिए, जिससे भविष्य में बेहतर परिणाम सामने आ सकें।