मंगेतर ने करवाई होने वाले पति की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के कोटा जिले में युवक की पीट-पीट कर हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, जिस युवक की 8 दिन बाद शादी होने वाली थी, उसकी मंगेतर ने ही 10 हजार रुपये की सुपारी देकर उसके साथ मारपीट करवाई। हालांकि मारपीट इतनी ज्यादा हो गई कि युवक की मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम में यह भी सामने आया है कि युवती को युवक पसंद नहीं था और वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। फिलहाल इटावा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमला कर रास्ते में उतारा मौत के घाट
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि करीब तीन दिन पहले दौलतपुरा निवासी धर्मेंद्र पर जानलेवा हमला हुआ था। धर्मेंद्र अपने ससुराल में अंगूठी का नाप देकर वापस लौट रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अब तक की जांच और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकुट गोचर को डिटेन किया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप उसकी मंगेतर और उसके नाबालिग भाई पर लगाया था।
10 हजार में दी गई थी हाथ-पैर तोड़ने की सुपारी
गिरफ्तार आरोपी मुकुट गोचर से पूछताछ में सामने आया कि युवती ने उसे धर्मेंद्र के हाथ-पैर तोड़ने की सुपारी दी थी। युवती ने उसे निर्देश दिया था कि जब युवक उनके यहां से लौटे, तो रास्ते में पकड़कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएं, ताकि वह शादी के लायक न रहे। इसके लिए युवती ने मुकुट को 10 हजार रुपये दिए थे।
शादी से पहले शॉपिंग के बहाने बुलाया
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को लगन और 1 मई को धर्मेंद्र की शादी तय थी। लेकिन 22 अप्रैल को युवती ने धर्मेंद्र को फोन कर कपड़े और गहने खरीदने के लिए बुलाया। शॉपिंग के बाद धर्मेंद्र अपने होने वाले साले के साथ जलेश्वर महादेव के दर्शन कर गांव लौट रहा था, तभी मुकुट गोचर और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। इलाज के दौरान कोटा अस्पताल में धर्मेंद्र की मौत हो गई।