जयपुर में पत्नी की हत्या कर शव को कोटा ले गया पति
- फोटो : अमर उजाला
कोटा में सामने आए एक सनसनीखेज मामले में पति द्वारा जयपुर में पत्नी की हत्या के बाद उसका शव कोटा लाए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच जयपुर पुलिस को सौंप दी है।
मृतका मीरा के भाई केशव के अनुसार जीजा वीरेंद्र लोधी ने फोन पर बताया कि मीरा की तबीयत खराब होने से उसकी मौत हो गई है। परिजनों ने उसे जयपुर में ही रुकने के लिए कहा लेकिन वह शव को कार में डालकर कोटा लेकर आ गया। इस दौरान बार-बार उसके साथ संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने हर बार फोन काट दिया।
ये भी पढ़ें: IRS अफसर की बेटी की दरिंदगी से हत्या: एक रात पहले अलवर में भी किया दुष्कर्म, आरोपी नौकर दिल्ली में गिरफ्तार
शव के कोटा पहुंचने पर पोस्टमार्टम के दौरान शव पर चोटों के गहरे निशान मिले। साथ ही गले पर रस्सी या चुन्नी से गला घोंटने के संकेत भी पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार मीरा की शादी करीब 13 वर्ष पहले वीरेंद्र लोधी से हुई थी और दोनों के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे। घटना के समय उनका बेटा स्कूल गया हुआ था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की और मामला जयपुर के प्रताप नगर थाने को ट्रांसफर कर दिया, फिलहाल मामले की जांच जयपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।