देश की कोचिंग सिटी कोटा में हॉस्टल में रहनेवाले छात्र यदि पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास करेंगे, तो पंखा गिर जाएगा और हूटर भी बजेगा।
हॉस्टल छात्रों में आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए कोटा हॉस्टल एसोसिएशन नए-नए उपाय करने में जुटा हुआ है। कोचिंग छात्रों की आत्महत्याओं को लेकर कोटा शहर लगातार सुर्खियों में रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन मित्तल ने अमर उजाला को बताया कि एसोसिएशन ने बेंगलुरू की कम्पनी से ऐसा डिवाइस बनवाया है, जो पंखे पर लगाया जाएगा। यदि पंखे पर 20 किलोग्राम से अधिक वजन पड़ा, तो वह पंखा नीचे गिर जाएगा।
एसोसिएशन के अनुसार कोटा में हर साल करीब दो लाख बच्चे कोचिंग लेने पहुंचते हैं। यहां 750 हॉस्टल और 300 से अधिक पीजी हैं। साथ ही, 17 हजार ऐसे मकान हैं, जो किराए पर बच्चों को ठहराते हैं। कोटा में पिछले वर्ष करीब 18 कोचिंग छात्रों ने आत्महत्या की थीं। वहीं, वर्ष 2014 में आत्महत्याओं की संख्या 45 थी।
मित्तल ने बताया कि डिवाइस तैयार हो गया है, लेकिन सेंसर लगाना बाकी है, जिससे 20 किलो से अधिक भार पंखे पर पड़ते ही हूटर बजने लगेगा। ये डिवाइस लगभग वैसा होगा, जैसा आज कल घर में सामान तोलने के लिए प्लास्टिक के स्प्रिंग लगे तराजुओं का इस्तेमाल हो रहा है। इस डिवाइस को पूरा तैयार होने में करीब दो महीने लग सकते हैं। सेंसर के कारण हूटर बजेगा और संचालक को तेज आवाज के जरिए पता चलेगा कि संबंधित फ्लोर पर कुछ घटना घटी है। संचालक पहुंचकर छात्र से सम्पर्क कर सकेगा।