मुक्तिधाम में बैठकर शराब पार्टी करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के कोटा जिले में उद्योग नगर थाना क्षेत्र के धाकड़खेड़ी गांव स्थित मुक्तिधाम में संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग बैठे मिले और वहां से शराब की बोतलें तथा धार्मिक क्रिया से जुड़ा सामान बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य
उद्योग नगर थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि सूचना मिली थी कि मुक्तिधाम में कुछ लोग बैठकर गतिविधियां कर रहे हैं और उनके पास शराब की बोतलें भी हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां दो युवक मौजूद मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम निशांत प्रजापति और जीतू सुमन बताए, जो धाकड़खेड़ी के निवासी हैं।
युवकों ने पूजा करने की बात कही
पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने बताया कि श्मशान के पास स्थित भैरुजी के स्थान पर वे पूजा करने के लिए आए थे। उनका कहना है कि वे जाजम पर बैठकर देवी-देवताओं की पूजा कर रहे थे और उनका परिवार लंबे समय से इस स्थान पर जाता रहा है। हालांकि मौके से शराब की बोतल और धार्मिक सामग्री मिलने के कारण पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
अस्थियों की चोरी की घटनाओं से जुड़ाव की जांच
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि इस मुक्तिधाम में पहले भी कई बार अस्थियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पुलिस दोनों युवकों से इस संबंध में भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध का पता लगाया जा सके।
पढ़ें- ऑनलाइन गेमिंग के लिए गुनाह: सरकारी शिक्षक ने व्यापारियों से मांगी करोड़ों की फिरौती, पत्नी के नाम से किया ऐसा काम
शहर के अन्य मुक्तिधामों में भी सामने आ रही घटनाएं
कोटा शहर के कुन्हाड़ी, महावीर नगर, नयापुरा और छावनी सहित कई क्षेत्रों के मुक्तिधामों में भी अस्थियां चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग तांत्रिक क्रियाओं के लिए मृतकों की राख और अस्थियों का उपयोग करते हैं।
सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर शहरवासियों ने मुक्तिधामों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी और कार्रवाई आवश्यक है।