Kota: वारदात के बाद से ही फरार चल रही आरोपी महिला को पकड़ने के लिए कई टीमें भी बनाई गई। टीमों ने रामगंजमंडी से गुजरात, जयपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, दिल्ली और हरियाणा के रेलवे रूट, बस स्टैण्डों पर लगे 100 से अधिक कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया।
कोटा जिले में पारिवारिक झगड़े के बाद देवरानी द्वारा जेठानी की हत्या के मामले में चेचट थाना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने वारदात के बाद से ही फरार चल रही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। 70 वर्षीय महिला मोडी बाई ने अपनी ही जेठानी शांति बाई के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद मृतका के बेटे ने चेचट पुलिस को एक रिपोर्ट भी दी थी।
विज्ञापन
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि 2 अप्रैल को 45 वर्षीय दिनेश मोतीलाल ने रिपोर्ट में बताया था कि उसकी मां शांति बाई और काकी मोडी बाई के बीच पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। घटना के समय दोनों खेत पर काम कर रही थीं। तभी सूचना मिली कि शांति बाई घायल अवस्था में पड़ी हैं। जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। साथ ही कुछ जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। जांच और अनुसंधान के बाद पुलिस टीम ने आरोपी महिला मोडी बाई को रेवाड़ी (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला रिश्ते में मृतका की देवरानी लगती है।
वारदात के बाद से ही फरार चल रही आरोपी महिला को पकड़ने के लिए कई टीमें भी बनाई गई। टीमों ने रामगंजमंडी से गुजरात, जयपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, दिल्ली और हरियाणा के रेलवे रूट, बस स्टैण्डों पर लगे 100 से अधिक कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। इसके साथ ही आश्रय स्थलों, हाॅटल, सराय, धर्मशालाओं में भी आरोपी महिला की तलाशी शुरू की थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि वारदात करने वाली महिला मोडी बाई हरियाणा की तरफ जा सकती है। जिसके बाद महिला को तकनीकि अनुसंधान और मुखबीर की सूचना के बाद रेवाड़ी (हरियाणा) से डिटेेन कर लिया है। मामले में चेचट पुलिस लगातार अनुसंधान कर रही है।