राजस्थान के बूंदी जिले में स्थित टाइगर हिल से देवी—देवताओं की मूर्तियों की पुर्नस्थापना को लेकर दो समुदायों में विवाद और ज्यादा गहरा गया। कलेक्टर ने यहां तनाव को देखते 14 मई तक यहां धारा 144 लागू कर दी है।
यहां टाइगर हिल टॉप व्यू पॉइंट पर मांधाता की छतरी रियायतकाल से बनी हुई है। वन विभाग यहां इनका जीर्णोद्धार करवा रहा है। एक समुदाय विशेष इसका विरोध कर रहा है। उनका आरोप है कि जीर्णोद्धार की आड़ में यहां मंदिर बनाने के प्रयास किया जा रहा है। शनिवार को इस मामले के लेकर एक समुदाय विशेष के लोगों और पुलिस के बीच झड़प हुई और बाजारों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी कैम्प किए हुए है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर बूंदी जिले में धारा 144 लागू कर दी है। ये निषेधाज्ञा 14 मई तक लगाई गई है। साथ ही शांति समिति के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझाइश की जा रही है। कोटा से क्यूआरटी और आरएसी के जवानों को बुलाकर यहां तैनात किया गया है।