कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें लड़की देखने आए एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये युवक गुना से कोटा अपने परिचितों के यहां लड़की देखने के लिए आया था। लेकिन, उसी समय ऐसा क्या हुआ कि उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। अब तक तो शादी के लिए लड़की वाले दहेज देते थे, लेकिन यहां मामला कुछ और ही है।
सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया, 26 अप्रैल को एमबीएस अस्पताल में गुना निवासी नरेश जाट ने पर्चा बयान दिया कि वह अपने दोस्त दीपक शर्मा और मनोज के साथ गुना से लड़की देखने आया था। लड़की दिखाने के लिए बोला तो इन लोगों ने हमसे 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर चाकू निकालकर मेरे पेट में बाईं ओर वार कर दिया और दूसरे ने लाठी से सिर में दो वार किया। उसके दोस्त दीपक शर्मा और मनोज ऐहरवार ने बीच-बचाव किया। गंभीर वारदात को देखते हुए एएसपी प्रवीण जैन और सीओ अमर सिंह के निर्देशन में एसएचओ मुकेश कुमार मीणा की टीम गठित की गई। टीम ने लगातार आसूचना एकत्रित कर छुपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे अनंतपुरा चौराहे से इन चारों को गिरफ्तार किया गया।
दोस्त के कहने पर आया था...
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि घायल युवक नरेश है, जो नानाखेडी गला मंडी के पास केंट गुना का निवासी है। इस पर चाकू और डंडे से हमला किया गया है। घायल नरेश ने बताया कि वह खेती का कार्य करता है। अपनी शादी के लिए दोस्त मनोज के कहने पर दीपक शर्मा के पास कोटा आया था। यहां पर लड़की वालों ने लड़की का फोटो दिखाया और रिश्ता तय करने के लिए 50 हजार रुपये मांगे। लड़की वालों ने उसे पैसा अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए कहा। लेकिन, मैंने पैसे नहीं दिए। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की।
एसपी ने बताया कि दिलीप उर्फ पप्पु सिंह उर्फ कुबडीया के खिलाफ पूर्व में 50 मामले, गौरव कश्यप के खिलाफ दो मामले और कमलेश कश्यप के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।