राजस्थान के कोटा जिले में एक छात्रा दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर घायल हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना शहर के कुन्हाड़ी थाना इलाके के लैंडमार्क सिटी में सामने आई। वहीं, छात्रा के दूसरी मंजिल से नीचे गिरने का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस जांच के दौरान यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा अचानक नीचे गिरी या उसने बिल्डिंग से नीचे छलांग लगाई।
NEET की तैयारी के लिए दो महीने पहले आई थी कोटा
कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि छात्रा बिहार की रहने वाली है और करीब दो महीने पहले ही नीट की तैयारी के लिए कोटा आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा बिल्डिंग से नीचे गिरने के दौरान 11 केवी बिजली के तार से भी टकराई थी। हालांकि, राहत की बात रही कि वह करंट की चपेट में नहीं आई।
हादसे में पैर फ्रैक्चर, डॉक्टरों ने बताई हालत ठीक
हादसे में छात्रा के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, छात्रा की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, छात्रा से भी पूछताछ
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे CCTV कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। ऐसे में फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि छात्रा नीचे गिरी है या उसने छलांग लगाई है। पुलिस छात्रा से भी इस बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें:
अमित शाह और भजनलाल शर्मा पहुंचे अलवर, प्रदेश को दी 6,453 करोड़ की योजनाएं, कांग्रेस पर जमकर बरसे
हादसे की वजह तलाशने में जुटी
पुलिस छात्रा के परिजनों से भी संपर्क कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और छात्रा से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।