नाम बदलकर खुला मुरादाबादी रेस्टोरेंट
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के कोटा जिले में 7 फरवरी की रात तीन मंजिला रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरने से हुए हादसे के बाद एक बार फिर पीड़ित परिवारों का गुस्सा फूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, जिस मुरादाबादी रेस्टोरेंट की बिल्डिंग की वजह से यह हादसा हुआ था, उसकी जवाहर नगर और कुन्हाड़ी इलाके में ब्रांच खुलने का पीड़ित परिवारों ने विरोध किया। आक्रोशित लोग मौके पर पहुंचकर दुकानें बंद करवाने लगे।
रेस्टोरेंट कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस
इस दौरान रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। गुस्साए लोगों ने रेस्टोरेंट का सामान बाहर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया और रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया।
आक्रोशित लोगों ने कराया रेस्टोरेंट बंद
दरअसल, मुरादाबादी रेस्टोरेंट की एक ब्रांच इंदिरा विहार में है और उसी के पास तीन मंजिला बिल्डिंग गिर गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद से ही रेस्टोरेंट संचालक फरार बताया जा रहा है। दूसरी ओर, मुरादाबादी रेस्टोरेंट की जवाहर नगर इलाके में मेन रोड पर पेट्रोल पंप के पास भी एक ब्रांच खुली हुई है। पीड़ित परिवारों को इसके दोबारा खुलने की जानकारी मिली थी। गुरुवार को आक्रोशित लोग एकत्रित होकर रेस्टोरेंट पहुंचे और दुकान को बंद करवाने की कोशिश की।
पीड़ित परिवारों ने क्या कहा?
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि जब तक हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक रेस्टोरेंट का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
तीन या चार मार्च? होली की तारीख पर सस्पेंस खत्म, बीकानेर के विद्वानों ने इस दिन पर लगाई मुहर
पुलिस ने बंद कराया रेस्टोरेंट
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद एहतियातन रेस्टोरेंट को बंद कर शटर गिरा दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हादसे के बाद कुछ दिन तक दुकान बंद रही, लेकिन पिछले दो दिनों से गुपचुप तरीके से इसे फिर से चालू कर दिया गया और बैनर भी लगा दिए गए। इसी दौरान एक स्टाफ कर्मचारी वहां से जाने लगा तो प्रदर्शन कर रहे लोगों में शामिल एक युवक ने उसे पकड़ लिया और हाथापाई की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और मामला शांत कराया।