इंजीनियर गौरव का शव मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कोटा शहर के शिवपुरा इलाके में बह रही चंबल नदी से एक 28 वर्षीय इंजीनियर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान गौरव शाक्यवाल निवासी रंगबाड़ी योजना के रूप में हुई है। गौरव के शव को नगर निगम की गोताखोर टीम ने नदी से बाहर निकाला और दादाबाड़ी थाना पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, गौरव बीटेक की पढ़ाई कर चुका था और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। वह 31 अक्तूबर की सुबह घर से बिना बताए निकला था। जब रातभर घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, दोस्तों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल भी घर की अलमारी में बंद मिला। इसके बाद महावीर नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।
यह भी पढ़ें- Politics: ‘देश के बाहर और भीतर भी शत्रु’, राज्यपाल हरिभाऊ ने सोनिया गांधी के मतदाता होने पर उठाए सवाल; क्यों?
‘मानसिक रूप से था पूरी तरह स्वस्थ’
मृतक गौरव के परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ था और किसी तरह की कोई बीमारी नहीं थी। पिता पुलिस विभाग से रिटायर्ड हैं, जबकि मां भी शिक्षिका से सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। परिजनों ने बताया कि 30 अक्तूबर को गौरव अपने माता-पिता के साथ कोट-पैंट सिलवाने के लिए कोटड़ी इलाके गया था। उस समय वह कुछ गुमसुम था, लेकिन जब उससे पूछा गया तो उसने कुछ नहीं बताया। अगले दिन वह बिना बताए घर से निकल गया और तभी से लापता था।
अगले महीने होनी थी गौरव की शादी
गौरव की शादी अगले महीने 5 दिसंबर को तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। परिजनों ने बताया कि घर में खुशियों का माहौल था, किसी को यह अंदाजा नहीं था कि गौरव ऐसा कदम उठा लेगा।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि अगर परिजन कोई शिकायत देते हैं या अन्य पहलू सामने आते हैं तो मामले की गहराई से जांच की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: 100 फीट की ऊंचाई पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा, दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा