भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए अमीन पठान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को अनंतपुरा इलाके में पठान की क्रिकेट एकेडमी पर कोटा विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। यह क्रिकेट एकेडमी 24 हजार स्क्वेयर फीट में अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनी हुई थी। कार्रवाई के दौरान विभाग के अधिकारियों समेत बोरखेड़ा और अनंतपुरा थाना पुलिस भी मौजूद रही।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और राजस्थान क्रिकेट एकेडमी के उपाध्यक्ष रहे अमीन पठान को विभाग ने कार्रवाई से पहले 26 दिसंबर को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस भी दिया था लेकिन जवाब नहीं आने पर शनिवार को अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया।
कोटा विकास प्राधिकरण के तहसीलदार सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अमीन पठान ने 24 हजार स्क्वेयर फीट में सरकारी जमीन पर अनंतपुरा क्रिकेट एकेडमी बनाई है। लगातार नोटिस देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया और नोटिस की मियाद खत्म हो गई तो शनिवार को बुलडोजर से अवैध निर्माण को तोड़कर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करवाया गया।
गौरतलब है कि अमीन पठान ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। साल 2005 में पूर्व विधायक भवानीसिंह राजावत अमीन पठान को राजनीति में लेकर आए थे। आपको यह भी बता दें कि अमीन पठान एक समय वसुंधरा राजे के भी खास रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान अमीन ने भरतपुर के कामां से विधानसभा का टिकट मांगा था लेकिन बीजेपी ने टिकट नहीं दिया, जिसके बाद पठान ने नाराज होकर भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस का दामन थाम लिया था।