सैन्य अधिकारियों ने शिक्षा मंत्री के साथ की मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय सेना के ब्रिगेडियर संजय रावत, कर्नल आशीष धनकर और कर्नल आदित्य पचौरी ने शनिवार को राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर से उनके कोटा स्थित निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रदेश के स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को आत्मरक्षा, अनुशासन और आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने संबंधी प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सेना अधिकारियों ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षा जागरूकता, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और बेसिक डिफेंस ट्रेनिंग जैसे मॉड्यूल विकसित किए जा सकते हैं ताकि आपात परिस्थितियों में उनका आत्मविश्वास और तत्परता बढ़ाई जा सके।
ये भी पढ़ें: SMS इमरजेंसी में सामान्य व गंभीर मरीजों के लिए अलग होगी व्यवस्था, स्टाॅफ बढ़ाने का प्रस्ताव मांगा
इस महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं दंडनायक, कोटा नगर, अनिल सिंघल भी उपस्थित रहे। मंत्री दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सैन्य विशेषज्ञों के सहयोग का स्वागत करती है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।