घायल युवक को एंबुलेंस में तड़पते छोड़ने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
घायल युवक के मामले ने भी बढ़ाई नाराजगी
इसी बीच अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक और सवाल तब खड़ा हुआ, जब छाबड़ा इलाके में सड़क हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए कोटा लाया गया। परिजनों के अनुसार युवक को पहले छाबड़ा अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे कोटा रेफर किया गया। आरोप है कि एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने के बाद घायल युवक करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस में ही तड़पता रहा, लेकिन उसे संभालने वाला कोई नहीं आया।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल के कर्मचारी उन्हें फाइल लेकर इधर-उधर भटकाते रहे, जबकि घायल युवक दर्द से कराहता रहा। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
पढ़ें- Kota News: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 6 प्रसूताओं की तबियत बिगड़ी, एक की मौत; परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
अस्पताल प्रबंधन पर बढ़ा दबाव
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद अस्पताल प्रशासन पर जवाबदेही का दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रसूताओं की मौत और घायल युवक के इलाज में देरी के आरोपों ने चिकित्सा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
- फोटो : ANI
तबीयत बिगड़ने के मामले पर सख्त हुए स्पीकर ओम बिरला
कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश देते हुए कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्पीकर ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित महिलाओं की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मामले की जांच के लिए जयपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कोटा पहुंच रही है। राज्य सरकार ने भी इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर
- फोटो : अमर उजाला
चिकित्सा मंत्री खींवसर ने क्या कदम उठाया
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने घटना की जानकारी लेने के बाद सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज जयपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को तत्काल कोटा भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
जयपुर से भेजी गई टीम में निश्चेतना विभाग के डॉ. निहार शर्मा, मेडिसिन विभाग के डॉ. सुनील कुमार महावर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के डॉ. पवन अग्रवाल और नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. संजीव कुमार शर्मा शामिल हैं। सरकार और स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रसूताओं की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकतानुसार उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।