फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटा: सोती महिला पर गर्म तेल और पानी उड़ेलकर की थी हत्या, छह महीने बाद 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

Mon, 09 Nov 2026 06:31 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

सार

कोटा में सोती महिला पर गर्म तेल और पानी डालकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने छह महीने से फरार 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी संजय उर्फ अन्नू मेघवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी हुलिया बदलकर अलग-अलग जगह मजदूरी कर रहा था।

 

विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पुलिस ने महिला के चेहरे, हाथ, पेट और छाती पर गर्म तेल तथा पानी फेंककर हत्या करने के मामले में छह महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी 42 वर्षीय संजय उर्फ अन्नू मेघवाल है, जो अनंतपुरा थाना क्षेत्र में गोबरिया बावड़ी के समीप रह रहा था।

सोते समय वारदात और उपचार

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार वारदात 8 मई की सुबह लगभग 4 बजे हुई। इससे पहले 7 मई  की रात महिला अपने परिवार के साथ घर के भीतर सो रही थी और आरोपी भी घर के चौक में सोया हुआ था। सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने रसोईघर में रखा गर्म तेल और पानी सोते समय महिला पर उड़ेल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमबीएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में अनंतपुरा थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

हुलिया बदलकर मजदूरी और गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और पुलिस से बचने के लिए तालेड़ा तथा बूंदी सहित विभिन्न स्थानों पर हुलिया बदलकर मजदूरी करने लगा। पुलिस की कई टीमों ने उसकी तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगभग एक महीने पहले आरोपी के कैथूनीपोल क्षेत्र में दिखने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि आरोपी वहां संचालित इंदिरा रसोई में कभी-कभी भोजन करने आता था। इसके आधार पर पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें