कोटा में लगातार बढ़ रही कोचिंग स्टूडेंट की सुसाइड के बाद प्रशासन को फिर से कोटा कार्निवल उत्सव की याद आई है। कोटा जिला कलेक्टर ने कोचिंग स्टूडेंट में तनाव कम करने और खुशनुमा वातावरण देने के लिए कोटा कार्निवल उत्सव एक बार फिर से आयोजित करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली है।
जिला कलेक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कोचिंग संचालक और हॉस्टल संचालक सहित कई अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से इसी बात पर जोर दिया गया कि बच्चों को तनाव मुक्त और खुशनुमा माहौल कैसे दिया जा सकता है।
बता दें कि कुछ साल पहले भी कोटा में कोटा कार्निवाल का आयोजन हुआ था। अब एक अंतराल के बाद अब फिर से कोटा कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर ओपी बुनकर ने कहा कि पहले जो कोटा कार्निवल हुआ था उसी के तर्ज पर अब फिर से कोटा कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है। इस बार एक कमेटी बनाई जाएगी और उसकी देखरेख में कोटा कार्निवल का आयोजन होगा।
आयोजन में पूरे दिन मौज मस्ती होगी पंजाबी और भोजपुरी सिंगर बुलाए जाएंगे। बच्चों के लिए खेलकूद और मनोरंजन के तमाम साधन उपलब्ध होंगे। इसका उद्देश्य यही है कि पढ़ाई के दबाव को झेल रहे बच्चे अपने आप को रिलेक्स महसूस करें। कलेक्टर ओपी बुनकर ने कहा कि जहां तक सूइसाइड रोकने का सवाल है उसके एक ही नहीं अनेक कारण होते हैं। व्यक्तिगत कारण का स्थाई निवारण होना बहुत ही मुश्किल होता है, लेकिन फिर भी प्रशासन का प्रयास है कि बच्चे तनाव मुक्त वातावरण में रहकर अच्छे से पढ़ कर सके।