झालावाड़ के भवानीमंडी क्षेत्र में पिता की हरकतों से परेशान बेटी द्वारा आत्मदाह करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आंवली खुर्द निवासी के रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मृतका पायल उर्फ गायत्री के साथ उसका पिता रमेशचंद्र बैरवा आए दिन मारपीट करता था। इसके चलते वह काफी परेशान रहती थी। गुरुवार सुबह भी उसके पिता ने उसके साथ मारपीट की थी। इसका शोर सुनकर आसपास के लोग जब पायल को बचाने के लिए पहुंचे तो रमेश ने उन्हें भी डरा—धमकाकर वहां से भगा दिया। इसी दौरान पायल ने खुद को कमरे में बंद कर केरोसिल उड़ेल आग लगा ली। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भवानीमंडी के अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पायल की मां प्रेमबाई ने बताया कि पति के गंदी हरकतों की वजह से ही वह उसे अकेले घर पर नहीं छोड़ती थी। उधर, घटना के बाद से ही रमेशचंद्र मौके से फरार है। पुलिस ने मां की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।