अमेरिका में गुजराती स्टोर मालिक की मौत
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
राजस्थान के बांसवाड़ा में पांच महीने की मासूम बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठिकरिया क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में एक मकान से बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण के आरोप में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला बच्ची को लेकर करीब 15 किलोमीटर दूर तलवाड़ा क्षेत्र पहुंच गई थी। पुलिस ने बच्ची को उसकी मां सन्नू यादव के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह मासूम को किस मकसद से अपने साथ ले गई थी।
50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लोकेशन से मिला सुराग
शुक्रवार शाम राजतालाब थाने में सन्नू नामक महिला ने अपनी पांच महीने की बच्ची के चोरी होने की सूचना दी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन की भी जांच की गई।
सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्ची को लेकर जाती दिखाई दी। जांच में उसकी पहचान पीड़ित परिवार की पड़ोसी महिला के रूप में हुई। पुलिस को पता चला कि वह बच्ची को लेकर करीब 15 किलोमीटर दूर तलवाड़ा क्षेत्र में पहुंच गई है।
कई थानों की पुलिस ने मिलकर की घेराबंदी
बच्ची की लोकेशन मिलने के बाद राजतालाब थाना पुलिस के साथ सदर, आंबापुरा और कलिंजरा थानों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और साइबर डेस्क की टीम भी शामिल रही। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को पकड़ लिया और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। उसे बरामद करने के बाद तुरंत उसकी मां को सौंप दिया गया। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बच्ची के मिलने पर मां ने ली राहत की सांस
तीन घंटे के भीतर बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। मां सन्नू यादव और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। बच्ची की मां ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से तलाश शुरू कर दी। अधिकारियों और जवानों ने रात में भोजन तक नहीं किया और बच्ची को सुरक्षित वापस लाने में जुटे रहे।