यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने सोगरिया से दानापुर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 09819/09820 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित रेल सेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। नियमित सेवा के रूप में इस गाड़ी का नया नंबर 19801/19802 होगा।
रेलवे के इस फैसले से कोटा से पटना और मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्रियों को यात्रा की अधिक सुविधाजनक व्यवस्था प्राप्त होगी। नई व्यवस्था के अनुसार, गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया से हर सोमवार दोपहर 12:45 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि गाड़ी संख्या 19802 दानापुर से हर मंगलवार दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी।
यह गाड़ी सोगरिया और दानापुर के बीच बारां, रूठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, विंध्याचल, पं. दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए समय-सारणी और संचालन की तिथियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कफ सिरप से मौत पर सियासत: बच्चों के मरने पर स्वास्थ्य मंत्री ने ठहराई माताओं की जिम्मेदारी, बेनीवाल क्या बोले?
इस ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें 02 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 02 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 07 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनोमी, 05 स्लीपर, 04 सामान्य श्रेणी, 01 जनरेटर कार और 01 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस गाड़ी को नियमित सेवा में बदलने से यात्रियों को अत्यधिक लाभ होगा। अब तक यात्रियों को केवल कोटा–पटना–कोटा एक्सप्रेस पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें सीटों की भारी प्रतीक्षासूची रहती थी। नई ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और यात्रा अधिक आरामदायक व सुगम हो सकेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि गाड़ियों की समय-सारणी और ठहराव की सही जानकारी के लिए एनटीईएस मोबाइल ऐप, रेल मदद 139 सेवा या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें।