कोटा जिले के चेचट थाना इलाके में एक नाबालिक बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक पीड़िता का पड़ोसी है। आरोपी ने बालिका को अपने झांसी में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस ने पोक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
चचेत थाना अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने एक युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दी। जिसमें बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक ने 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया। वहीं आरोपी को पुलिस में शिकायत देने की भनक लगने के बाद आरोपी फरार हो गया था। जिसको पुलिस ने झालावाड़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दूसरे गांव का निवासी है। लेकिन हाल ही में उसने पीड़िता के गांव में मकान और जमीन खरीदी थी और 1 साल से ही पीड़िता के पड़ोस में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक प्रकरण भी दर्ज है। इनमें अधिकांश कोर्ट में लंबित भी है।
वहीं आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आज बाजार में उसकी परेड निकाली। पुलिस आरोपी को थाने से पैदल ही बाजार लेकर पहुंची और परेड निकालने के बाद उसको वापस थाने लेकर आए। पुलिस का कहना है कि आरोपी को मौका तस्दीक के लिए लेकर गए थे। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।