सिजेरियन के बाद एक और महिला की हालत गंभीर
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के कोटा जिले में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। जेके लोन अस्पताल में भर्ती महिला की डिलीवरी के बाद अचानक हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज के एसएसबी ब्लॉक में शिफ्ट किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रसूता पार्वती नान्ता क्षेत्र की निवासी है। उसके पति नीनू ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे पार्वती को जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह करीब 10 बजे सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए उसकी डिलीवरी हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
पढे़ं: 'भारत के आदिवासी ही हैं इंडिजिनस पीपुल्स': सांसद रोत के बयान से गरमाई सियासत, भाजपा बोली- ऐसा बयान उचित नहीं
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही पार्वती की हालत बिगड़ने लगी। बच्चेदानी में लगाए गए टांके बार-बार खुल रहे थे, जिससे लगातार रक्तस्राव होता रहा। चिकित्सकों ने परिजनों को बताया कि महिला की स्थिति गंभीर है और जोखिम को देखते हुए उसकी बच्चेदानी निकालनी पड़ेगी। इसके लिए परिजनों से सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए और ऑपरेशन कर बच्चेदानी निकाल दी गई।
इसके बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार सोमवार को उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। यूरीन आउटपुट बंद हो गया और शरीर में सूजन बढ़ने लगी। इसके बाद उसे जेके लोन अस्पताल से मेडिकल कॉलेज के एसएसबी ब्लॉक में शिफ्ट किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।