राजसमंद जिले के भीम थाना कस्बे के बरतु इलाके में कल शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची को किसी ने अगवा कर लिया। कुछ देर तलाश करने के बाद परिजनों को जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की।
घटना को लेकर पुलिस थाना अधिकारी संगीता बंजारा ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बच्ची के अपहरण के पीछे रिश्तेदार हिम्मत सिंह पर शक जाहिर किया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीमें गठित कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। घटना को देखते हुए राजसमंद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव लाल बेरवा मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए राजसमंद से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस की लगातार प्रयास करती रही। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी हिम्मत सिंह को ढूंढ निकाला और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आरोपी हिम्मत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।