राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित 68वीं राज्य स्तरीय छात्रा सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह गुरुवार को विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए गौतम ने कहा कि पिता संतान को पढ़ाने व जीवन में आगे बढ़ाने के लिए अपनी खुशियों में कटौती करता है तथा संतान के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास करता है। ऐसे में बच्चों को भी चाहिए कि वे खूब पढ़ाई करें तथा ऐसा कुछ करें, जिससे समाज में माता पिता का नाम रोशन हो।
विधायक गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों को कभी भी जीत पर गर्व नहीं करना चाहिए तथा हार पर निराश भी नहीं होना चाहिए। उन्होंने पूर्व घोषणा के मुताबिक अपनी ओर से 17 वर्ष आयु वर्ग में विजेता हनुमानगढ़ व 19 वर्ष आयु वर्ग में विजेता बीकानेर को 21-21 हजार रुपये, उपविजेता श्रीगंगानगर व नीमकाथाना को 11-11 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर रही शाहपुरा व हनुमानगढ़ की टीम को 5100-5100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी के साथ उन्होंने खिलाड़ियों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र आदि भी प्रदान किए।
समारोह में होटल उगम पैलेस के प्रबंधक व भामाशाह राजेन्द्र मेघवंशी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, उप जिला खेल अधिकारी भंवर नरेंद्र सिंह, पार्षद व समाजसेवी मनोज कुमावत, भामाशाह रामराय धाकड़ व दीपचंद धाकड़, खेल विशेषज्ञ शक्ति सिंह गौड़, जोरावर सिंह व गुलाब चंद मेघवंशी एवं एसडीएमसी सदस्य गीता शर्मा, पूनम कंवर, उषा जैन व मंजू गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) गोविंद नारायण शर्मा ने की।
समारोह के दौरान छात्राओं ने गरबा सहित विभिन्न गीतों पर सामूहिक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि शत्रुघ्न गौतम ने प्रतियोगिता समापन की घोषणा कर खेल ध्वज निदेशालय पर्यवेक्षक को समर्पित किया।