केकड़ी के सावर उपखंड क्षेत्र में मोड़ी गांव के जंगल में पांच राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत हालत में मिले, वहीं एक मोर घायल हालत में मिला। राष्ट्रीय पक्षी की यह हालत देखकर गांव वाले द्रवित हो गए। गांव वालों द्वारा मृत मोरों और घायल मोर को सावर के पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की मौजूदगी में मृत मोरों को दफनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार आज सवेरे जब ग्रामीण खेत पर जा रहे थे तो उन्हें जंगल में मृत मोर दिखाई दिए। मोड़ी निवासी सांवरा मीणा ने बताया कि गांव वालों ने मौके पर जाकर देखा तो पांच मोर मृत और एक मोर घायल हालत में मिला। मृत और घायल मोर को सावर के पशु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर अनिल जांगिड़ ने घायल मोर का इलाज शुरू किया।
डॉ. अनिल जांगिड़ के अनुसार मोर प्रथम दृष्टया जहरीला दाना खाने से मरे हैं। हालांकि पूरा खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच-पड़ताल की। मृत मोरों का पोस्टमार्टम करने के बाद वन विभाग को सौंपा जाएगा। इधर वन विभाग मामले की जांच कर रहा है, आशंका जताई जा रही है कि शिकारियों ने संभवत: मोरों का शिकार करने के लिए जहरीला दाना डाला है।