करौली जिले में मामचारी थाना क्षेत्र के तरौली गांव में भैंस चराने गई महिला की तलाई में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव का करौली हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मामाचारी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामचारी थाना अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि तरौली गांव निवासी अनीता पत्नी रामकेश धोबी उम्र 27 साल जंगल में भैंस चराने गई थी। इस दौरान भैंसों के पीछे भागते-भागते अनियंत्रित होकर फिसल गई और तलाई के गहरे पानी में चली गई तथा डूब गई। प्रत्यक्षदर्शी गंगा सहाय मीणा ने बताया कि वो पास में ही अपनी भैंस चरा रहा था। गंगा सहाय मीणा को तैरना नहीं आता है तो उसने महिला को डूबता देखकर अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को कड़ी मशक्कत के बाद तलाई से बाहर निकाल कर करौली अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतका की एक बेटी और दो पुत्र हैं।