करौली-कैलादेवी मार्ग पर मामचारी गांव के पास रोडवेज बस की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक का शव करौली हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इधर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। सूचना पर डीएसपी अनुज शुभम, करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, तहसीलदार महेंद्र गुर्जर और थाना अधिकारी सुनील कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।
अधिकारियों और विधायक की परिजनों से बातचीत के बाद उचित सरकारी मुआवजे, प्रधानमंत्री आवास, सरकारी योजनाओं का लाभ, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और रोडवेज बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर सहमति बनी है। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि बरखेड़ा वंशी का बाग निवासी साहब सिंह गुर्जर (22) रविवार शाम कैलादेवी मार्ग स्थित डलापुरा गांव में अपनी बहन को बाइक से छोड़ने गया था। बहन को छोड़कर वापस करौली लौटते समय मामचारी गांव के पास एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे साहब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए करौली अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन हॉस्पिटल में एकत्रित हो गए और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मांगें करने लगे। सोमवार सुबह करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, तहसीलदार महेंद्र गुर्जर, डीएसपी, थाना अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हुए।