प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण शनिवार अलसुबह शहर और आसपास के इलाकों में अंधड़ के बाद बारिश हुई। बारिश के दौरान लोहावट क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। मौसम के बदले इस मिजाज ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। तापमान में भी करीब दो डिग्री की कमी आई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं जोधपुर में कई जगहों पर हवा के साथ बूंदाबंदी हुई।
पश्चिमी राजस्थान में मौसम बदलने से भीषण गर्मी के तेवर ढीले पड़ गए हैं। अधिकतर जिलों में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह आंधी-बारिश और ओले गिरे। जोधपुर में आज सुबह करीब पांच बजे बारिश हुई। इससे पहले तेज धूल भरी हवाएं चलीं। बाद में काफी देर तक बारिश हुई।
तेज अंधड़ चलने पर शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। अंधड़ और बारिश के बाद आज सुबह से ही शहर में आसमान पर बादलों की आवाजाही रही। बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने पर गर्मी के तेवर थोड़े नर्म पड़ गए। बादलों की आवाजाही बने रहने पर लोगों को धूप की तपिश से राहत मिली। दोपहर में जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अब प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश व आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं अगले तीन दिन प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।