राजस्थान के जोधपुर जिले में पुलिस व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लूणी थाना क्षेत्र की धुंधाड़ा पुलिस चौकी के बाहर खड़ा बजरी से भरा एक जब्त डंपर गायब हो गया और कुछ समय बाद उसी स्थान पर खाली हालत में वापस खड़ा मिला। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है और मामले को लेकर मिलीभगत से लेकर “मास्टर-की” तक की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई में जब्त किए गए थे डंपर
जानकारी के अनुसार, लूणी पुलिस ने 7 मई की रात अवैध बजरी खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डंपरों को जब्त किया था। इन वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से धुंधाड़ा चौकी के बाहर खड़ा किया गया था। इनमें से एक डंपर 9 मई को अचानक गायब हो गया।
चौकी प्रभारी को नहीं लगी भनक
हैरानी की बात यह रही कि चौकी के ठीक बाहर खड़े इतने बड़े वाहन के चोरी होने की भनक तक चौकी प्रभारी एसआई उमेशचंद्र यादव को नहीं लगी। इस घटना ने पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खाली हालत में वापस मिला वही डंपर
मामले में नया मोड़ तब आया, जब चोरी हुआ वही डंपर कुछ समय बाद खाली हालत में उसी स्थान पर वापस खड़ा मिला। इसके बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर संदेह और गहरा गया। स्थानीय लोगों और जानकारों के बीच मिलीभगत की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भारी जुर्माने से बचने के लिए रची गई साजिश की आशंका
जानकारों का कहना है कि ओवरलोड बजरी से भरे डंपर पर करीब 5 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है, जबकि खाली वाहन पर इस तरह की कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि भारी पेनल्टी से बचने के लिए डंपर को जानबूझकर हटाकर खाली कराया गया और फिर वापस लाकर खड़ा कर दिया गया।
चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, जांच शुरू
घटना सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी उमेशचंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें:
फर्जी सर्टिफिकेट से करोड़ों के टेंडर हासिल करने का आरोप, जल जीवन मिशन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन
आमजन के बीच उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने आमजन के बीच भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस चौकी के बाहर खड़ा जब्त वाहन सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।