रीट परीक्षा के लिए जोधपुर में 49 सरकारी स्कूल-कॉलेजों के साथ लगभग एक दर्जन निजी संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हालांकि, इन सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सिर्फ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई है।
जोधपुर में राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) 2024 के पहले दिन परीक्षा का आयोजन सख्त निगरानी में किया गया। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, जबकि परीक्षा केंद्रों के दरवाजे एक घंटे पहले, यानी सुबह 9 बजे ही बंद कर दिए गए।
विज्ञापन
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए जोधपुर में कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिनमें सीसीटीवी कैमरों की लाइव रिकॉर्डिंग शामिल रही। अजमेर मुख्यालय सहित अन्य स्तरों पर उच्च अधिकारी परीक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे थे। साथ ही, जोधपुर कलेक्ट्रेट और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से भी परीक्षा गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।
रीट परीक्षा का शेड्यूल और परीक्षार्थियों की संख्या
दिन- 27 फरवरी
पहली पारी (लेवल-1): सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।
दूसरी पारी (लेवल-2): अपराह्न 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
पहली पारी के लिए 61 और दूसरी पारी के लिए 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए।
लेवल-1 में 18,834 परीक्षार्थी और लेवल-2 में 23,238 परीक्षार्थी शामिल हुए।
विज्ञापन
दिन 28 फरवरी
लेवल-2 परीक्षा: सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।
इस दिन के लिए 74 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए।
कुल 22,927 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सरकारी अधिकारियों की सख्त निगरानी
रीट परीक्षा के लिए जोधपुर में 49 सरकारी स्कूल-कॉलेजों के साथ लगभग एक दर्जन निजी संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हालांकि, इन सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सिर्फ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई है। प्रशासन ने सख्त निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को 10-10 और 5-5 केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी है।
कैसा रहा परीक्षा का पेपर?
परीक्षा देकर लौटे अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर सिलेबस के अनुसार था और अच्छे से तैयारी करने वाले छात्रों के लिए इसे पास करना आसान रहा। हालांकि, इतिहास और हिंदी व्याकरण के कुछ प्रश्न कठिन लगे, लेकिन बाकी पेपर सामान्य स्तर का रहा, जिससे अधिकांश परीक्षार्थियों को इसे हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।