प्रदेश में राजस्थान अध्यापक पात्रता (रीट) परीक्षा का आयोजन 27-28 फरवरी को होने जा रहा है। इस दिन राज्य के जिन सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में रीट की परीक्षा का केंद्र बनाया गया है, वहां दो दिन अवकाश रहेगा। वहीं, जहां एग्जाम सेंटर नहीं है, वहां की स्कूल यथावत चलती रहेगी। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सिटी प्रथम) उदयभान चारण ने बताया कि इस परीक्षा के तहत कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 49 सरकारी विद्यालय और 26 निजी विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जोधपुर जिले में कितने परीक्षार्थी होंगे
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सिटी प्रथम) ने बताया कि 27 फरवरी को लेवल प्रथम की परीक्षा आयोजित होगी। जिसमें प्रथम पारी में 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 18,834 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। 49 सरकारी विद्यालय और 12 निजी विद्यालय परीक्षा केंद्र होंगे। द्वितीय पारी में लेवल द्वितीय की परीक्षा आयोजित होगी। इसमें कुल 23,238 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। 28 फरवरी को लेवल द्वितीय परीक्षा एक पारी में आयोजित की जाएगी। प्रथम पारी में सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक परीक्षा होगी। इसके लिए कुल 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 49 सरकारी विद्यालय और 25 निजी विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कुल 22,927 परीक्षार्थी बैठेंगे, जो सभी जोधपुर जिले के ही होंगे।