नाबालिग को नंगा करके घुमाने के मामले में जोधपुर के महामंदिर थानाधिकारी हरीश सोलंकी पर गाज गिरी है। उन्हें लापरवाही बरतने और केस की संवेदनशीलता नहीं समझते हुए हल्की झगड़े की धाराओं में शिकायत दर्ज करने पर सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, नाबालिग बच्चे का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पॉक्सो और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ईद को लेकर भी पुलिस एहतिहात बरत रही है।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है, जिसके बाद इस मामले में दो लोगों को डिटेन कर हिरासत में लिया गया है। डीसीपी ईस्ट अमृता दूहन के अनुसार, मामले में अन्य वांछित लोगों को भी शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा। इसके साथ ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी ने आमजन से अपील जारी करते हुए नाबालिग बच्चों के वीडियो को शेयर नहीं करने सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं करने और कहीं पर भी नहीं भेजने की अपील की है। इसे अपराध की श्रेणी में बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
दो दिन पहले मंडी में एक नाबालिग से मारपीट कर नंगा घुमाया...
दरअसल, दो दिन पहले मंडी में एक नाबालिग के साथ कुछ युवकों द्वारा मामूली बात पर हुई कहासुनी के बाद मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर उसे प्रताड़ित किया गया था। नंगा करके इलाके में जुलूस निकाला गया। घटना के बाद अब मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिस पर कार्रवाई हुई है।