जोधपुर में बन रहा लग्जरी बस स्टैंड
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर जिले के पावटा इलाके में बन रहा रोडवेज का बस स्टैंड, जिसे राई का बाग बस स्टैंड के नाम से भी जाना जाएगा। राई का बाग के नाम से रेलवे स्टेशन भी है। लिहाजा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पास पास ही है। रोडवेज का बस स्टैंड छोटा पड़ रहा था और बसों की आवाजाही बहुत अधिक थी, इसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी हो रही थी।
राज्य सरकार ने इस बस स्टैंड के विस्तार का काम शुरू किया और पास की सब्जी मंडी को यहां से भदवासिया शिफ्ट कर दिया। उसके बाद सब्जी मंडी की जमीन और रोडवेज स्टेशन की जमीन को मिलाकर कुल 22 बीघा जमीन पर यह बस स्टैंड बनाया जा रहा है। जी प्लस 3 की यहां बिल्डिंग बनाई जा रही है। पूरे बस स्टैंड की लागत 38 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यहां 21 बसों के खड़े रहने का प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। वहीं, चार डीलक्स बस हर वक्त यहां खड़ी हो सकेगी।
ये होंगी सुविधाएं...
- ग्रॉउण्ड फ्लोर पूरी तरीके से वातानुकूलित होगा। प्रथम फ्लोर पर फूड जोन और कैंटीन होगी। वहीं, सेकंड फ्लोर पर मिनी सुपर मार्केट और प्ले जॉन होगा।
- रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड को जोड़ने के लिए फुट ओवर ब्रिज होगा तो वहीं, कनेक्टिंग कोरीडोर (पैदल रास्ता जमीन पर) से पैदल यात्री भी जा सकेंगे। इस बस स्टैंड का कार्य तेजी से चल रहा है। आने वाले कुछ महीनों में ही यह बस स्टैंड पूरी तरीके से बन कर तैयार होगा।
- जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता इस पूरे कार्य के मॉनिटरिंग कर रहे हैं और कई बार औचक निरीक्षण के लिए यहां पहुंच चुके हैं। इस तरह का राजस्थान का यह पहला बस स्टैंड होगा।