मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले में सड़क का हाल खस्ताहाल है। जोधपुर शहर में अचानक एक सड़क में पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया और उसमें सवार समेत स्कूटी समा गई। लोगों ने बड़ी मुश्किल से बुजुर्ग को गड्ढे से बाहर निकालकर जान बचाई।
भगत की कोठी स्टेशन रोड के सामने पाली रोड पर शनिवार को यह हादसा हुआ। 62 साल के भोपाल सिंह मेडु स्कूटी लेकर भगत की कोठी से वीर दुर्गादास ब्रिज की तरफ जा रहे थे। उनके आगे एक ट्रक चल था। जैसे ही वे भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पहुंचे, अचानक सड़क धंस गई। स्कूटी सहित बुजुर्ग गड्ढे में गिर गए। आलम यह था कि सड़क से सिर्फ स्कूटी का मिरर नजर आ रहा था। वहां गुजर रहे राहगीरों ने भोपाल सिंह को गड्ढे से बाहर निकाला। हादसे में बुजुर्ग को कंधे, घुटने और पैर में चोट आई।
सूचना पर भगत की कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक डायवर्ट करवाया। घायल भोपाल सिंह ने बताया कि मैं रोड पर सीधे-सीधे जा रहा था। मेरे आगे ट्रक चल रहा था। ट्रक के पिछले पहियों की वजह से सड़क टूट गई। मैं जैसे ही वहां से गुजरा सड़क धंस गई । मैं स्कूटी समेत गड्ढे में जा गिरा। मेरे कंधे पर चोट लगी। मेरे सामने वह गड्ढा बना था।
भोपाल सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हादसे के एक घंटे तक प्रशासन मौके पर नहीं पहुंची, जबकि जोधपुर सीएम का होम टाउन है। भोपाल सिंह ने कहा कि यह पीडब्ल्यूडी वालों की गलती है। गनीमत थी कि लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। अगर कोई वाहन उसी समय पीछे से आ जाता तो मेरी जान चली जाती। भोपाल सिंह ने कहा कि वे पुलिस में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करवाएंगे।