मीडिया रिपोर्टस के अनुसार जलबुर्ज इलाके के महादेव मंदिर में रविवार शाम को प्रसादी का आयोजन था। आरोप है कि आयोजन के बाद धर्मोत्सव समिति अध्यक्ष दिनेश मकवाना सहित 12 लोग मंदिर छत पर बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। शराब पार्टी की भनक कुछ युवकों को लग गई। जिसके बाद वे मंदिर की छत पर पहुंचे। गुस्साए युवकों ने मकवाना और उनके साथ बैठे दो अन्य लोगों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी समिति अध्यक्ष ने कहा-आरोप झूठे हैं
वहीं मंदिर की छत पर पहुंचे युवकों ने शराब पार्टी की वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि जैसे ही मकवाना की नजर युवकों पर पड़ी, उन्होंने हड़बड़ाहट में तुरंत शराब की बोतल नीचे फेंक दी। फिर झपट्टा मारकर फोन को नीचे गिरा दिया। इसके बाद मकवाना ने युवकों को धौंस भी दिखाया। युवकों ने पिटाई करना शुरू किया तो मकवाना वहां से भाग गए। धर्मोत्सव समिति के अध्यक्ष दिनेश मकवाना ने सफाई दी कि मुझ पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। मंदिर में पार्टी जैसी कोई बात ही नहीं थी।
दोनों पक्ष ने करवाया केस दर्ज
वहीं मारपीट की सूचना पर घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। घंटाघर थाना अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर सामने आया कि मंदिर परिसर के एक छत पर शराब पार्टी करने पर मारपीट की गई। मामले की जांच की जा रही है।