लेडी डॉन समता बिश्नोई बेटों समेत गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala
जोधपुर के चित्तौड़गढ़ के व्यापारी से 2 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने कुख्यात तस्कर सुमता बिश्नोई उर्फ ‘लेडी डॉन’ को उसके दो बेटों विनोद बिश्नोई और मनीष बिश्नोई के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
घर के बाहर छोड़ रखे थे कुत्ते
पुलिस के अनुसार, सुमता को पकड़ने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार को सूचना मिली कि वह अपने घर पर मौजूद है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर के बाहर कोई नजर नहीं आया। बाहर कुत्ते छोड़े हुए थे। शक होने पर पुलिस ने सुथार को बुलाकर लकड़ी का दरवाजा तुड़वाया। अंदर एक कमरे में सुमता अपने एक बेटे के साथ मिली। एसीपी नरेंद्र पारीक को देखकर उसने ‘जय हिंद साहब’ कहा। दूसरे बेटे के कमरे का दरवाजा तोड़ने की बात पर सुमता ने पुलिस से कहा कि दरवाजा नहीं तोड़ें, वह खुद उसे बाहर निकालती है। इसके बाद पुलिस तीनों को थाने लेकर आई।
प्रसाद ठेके और जमानत के नाम पर ठगी
बोरानाडा एसीपी नरेंद्र कुमार पारीक के अनुसार, निम्बाहेड़ा निवासी व्यापारी पर्वत सिंह राजपुरोहित ने शिकायत दी थी। आरोप है कि सुमता ने अपने पुलिस, कोर्ट और नेताओं-अधिकारियों से संपर्क होने का दावा करते हुए सांवलियाजी मंदिर ट्रस्ट में प्रसाद का ठेका दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 5 लाख रुपए लिए। वहीं, एक व्यक्ति की हाईकोर्ट से जमानत करवाने के नाम पर 1 करोड़ 40 लाख रुपए लिए गए। दोनों काम नहीं होने पर रकम वापस नहीं की गई।
ये भी पढ़ें-
Rajasthan: कोटा में 11 घंटे तक तड़पती रही प्रसूता, प्रसव के बाद हुई मौत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
16 मामले दर्ज, तस्करी से भी जुड़ा नाम
पुलिस के मुताबिक, सुमता बिश्नोई के खिलाफ जोधपुर के अलग-अलग थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी और धोखाधड़ी के मामले शामिल हैं। वह कई मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में भी रह चुकी है। सुमता का नाम कुख्यात तस्कर प्रदीप इरम के साथ भी जुड़ा रहा है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय तक उसके साथ तस्करी में शामिल रही और मध्य प्रदेश से आने वाली डोडा-पोस्त की खेप को एस्कॉर्ट करती थी। पुलिस अब आरोपियों से ठगी और तस्करी से जुड़े अन्य मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है।