पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आई यूक्रेन की 58 वर्षीय महिला कैतरीना की अचानक मौत हो गई। यह घटना चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र की है, जहां वे सेक्टर-19 में गौरव मिश्रा के घर पर ठहरी हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही यूक्रेनी दूतावास को अवगत कराया गया।
सुबह सामान्य दिनचर्या, फिर अचानक बिगड़ी तबीयत
गौरव मिश्रा के अनुसार 6 दिसंबर की सुबह कैतरीना ने घर की बच्ची को ‘गुड मॉर्निंग’ कहा और इसके बाद वापस सो गईं। देर सुबह तक जब वे नहीं उठीं तो गौरव ने जाकर देखा, तब वह अचेत अवस्था में थीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों द्वारा तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया और कैतरीना को महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
दूतावास की भूमिका और पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया
घटना के बाद यूक्रेनी दूतावास को पूरी जानकारी दी गई। दूतावास द्वारा नियुक्त इंडियन फ्यूनरल सर्विस एजेंसी के प्रतिनिधि छोटू खान मेहर ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव प्राप्त कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- विक्रम भट्ट गिरफ्तारी मामला: राजस्थान हाईकोर्ट ने पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी, अगली सुनवाई में SP और IO तलब
जोधपुर में ही होगा अंतिम संस्कार
बताया गया है कि कैतरीना का अंतिम संस्कार जोधपुर में ही हिंदू रीति-रिवाज से किया जाएगा। गौरव मिश्रा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कैतरीना के बेटे ओलंग को उनकी मृत्यु की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, कैतरीना इससे पहले भी दो बार भारत आ चुकी थीं। इस बार वे 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं और जोधपुर में ठहरकर पर्यटन कर रही थीं।