शहर के पावटा क्षेत्र में बीते गुरुवार की दोपहर में दो कथित बाबाओं ने युवकों को ठगी का शिकार बनाते हुए सोने की अंगूठी, फोन और 25 सौ रुपये ऐंठ लिए थे। जाते हुए अपना फोन नंबर भी देकर गए। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित महामंदिर थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया। बताया गया कि ठग बाबा एक कार में सवार होकर आए थे। पुलिस ने प्रकरण में दो कथित बाबाओं को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी सगे भाई बताए जाते हैं।
महामंदिर पुलिस ने बताया कि लोहार कॉलोनी पावटा निवासी विष्णु पुत्र मंगलाराम की तरफ से रिपोर्ट दी गई थी। जिसमें बताया था कि वह दोपहर में पावटा क्षेत्र में एक पान की दुकान पर बैठा था। उसके साथ में उसका दोस्त भी बैठा हुआ था। तब एक अल्टो कार में दो बाबा सवार होकर आए और उन्हें अपनी बातों में उलझाया। उनमें से एक बाबा ने उसके दोस्त के पहनी चेन का उतरवा कर सात बार सिर से निकाला और बाद में एक रूद्राक्ष उसे दिया। फिर बातों में उलझाते गए।
ये भी पढ़ें-
शहर में मजदूरी करने आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रिपोर्ट के अनुसार विष्णु और उसका दोस्त बाबाओं की बातों में इतना फंस गए कि पता ही नहीं चला। बाबाओं ने उनसे सोने की अंगूठी उतरवाने के साथ मोबाइल और 25 सौ रुपये भी धरवा लिए। बाद में कार में सवार होकर निकल गए। जाते हुए बाबाओं ने उन्हें एक मोबाइल नंबर भी दिया।
इन्हें किया गिरफ्तार
मामले की जांच कर रहे महामंदिर थाने के हेडकांस्टेबल सतीश ने बताया कि हरियाणा के सिरसा स्थित ऐलनाबाद निवासी रविनाथ पुत्र हरीनाथ एवं उसके भाई कविनाथ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से अग्रिम पड़ताल जारी है।