भीषण गर्मी का कहर, अस्पतालों में अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी आवाजाही कम दिखाई दे रही है।
भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए संभाग के सबसे बड़े मथुरादास माथुर अस्पताल में विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल प्रशासन ने हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए दो विशेष वार्ड तैयार किए हैं। इसके साथ ही अस्पताल में कूलिंग ब्लैंकेट और कूलिंग बॉक्स की मांग भी भेजी गई है, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत राहत दी जा सके।
ये भी पढ़ें: राजस्थान मौसम: भट्ठी जैसे तप रहे शहर, बाड़मेर में पारा 46 पार; आज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
डॉक्टरों का कहना है कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों पर सामान्य दवाइयों का असर कम होता है। ऐसे मरीजों को इंटरनल और एक्सटर्नल कूलिंग की जरूरत पड़ती है, जिससे शरीर का तापमान तेजी से नियंत्रित किया जा सके। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, इसलिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पहले से मजबूत किया जा रहा है।
चिकित्सकों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार बिना जरूरी काम के दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में घूमने और भारी एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। व्यायाम सुबह या शाम के समय करना बेहतर रहेगा।
विशेषज्ञों ने लोगों को शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सीधी धूप से बचने की सलाह दी है। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज बुखार, कमजोरी या बेहोशी जैसी परेशानी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।