सरदारपुरा थाना क्षेत्र के नेहरू पार्क के पास खड़ी एक कार में सोमवार दोपहर को शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि यह शव दो दिन पुराना है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में शव की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया और घटनास्थल का मुआयना किया।
मिली जानकारी के अनुसार नेहरू पार्क व मर्चेंट हॉल के बीच सड़क के किनारे भरतपुर नंबर की कार आरजे 05 सीसी 7626 की कार खड़ी थी। वहां से गुजर रहे लोगों की नजर जब ड्राइवर सीट पर गई तो एक शव पड़ा दिखा, जिसके बाद लोगों ने सरदारपुरा पुलिस को इसकी सूचना दी। शव 30 से 35 साल के युवक का बताया जा रहा है और दो दिन पुराना होने से बदबू भी मार रहा है। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया और जांच शुरू कर दी है। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।