जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने औसियां थाना क्षेत्र के गांव चेराई में गुमशुदा वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। करीब 17 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने हत्यारे युवक को बिहार के पटना जंक्शन से गिरफ्तार किया। हत्यारा मृतका का पड़ोसी निकला, जिसने सोने के आभूषण लूटने के लिए हत्या कर शव को खेत में दफना दिया था।
पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि 11 अक्तूबर को 72 वर्षीय चम्पा देवी घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने थाना औसियां में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चम्पा देवी अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण और करीब 3500 रुपये लेकर गई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने एमपीआर नंबर 54/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान एएसपी भोपालसिंह लखावत, डीएसपी शंकरलाल और थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, डॉग स्क्वाड और एसडीआरएफ टीम की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना से पता चला कि चम्पा देवी अपने पड़ोसी हप्पाराम के घर गई थी। जांच में हप्पाराम का बेटा अक्षय कुमार (20) संदिग्ध पाया गया, जो ऑनलाइन जुआ और नशे की लत का शिकार था। पुलिस ने जब उससे पूछताछ करनी चाही, तो वह फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- Bharatmala Expressway Accident: शादी से लौट रही कार के उड़े परखच्चे, एक परिवार के तीन लोगों की मौत; दो गंभीर
टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए अबोहर, अंबाला, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, अलीगढ़, कानपुर और लखनऊ तक उसकी तलाश की। आखिरकार आरोपी को पटना जंक्शन (बिहार) से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 11 अक्तूबर को उसने लालच में आकर चम्पा देवी को घर बुलाया और लोहे के सरिए से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद गले की सोने की कंठी, नाक की भंवरिया और अन्य आभूषण लूटकर शव को घर के पीछे छिपाया, फिर रात में खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: गुजरात के पर्यटक रेस्टोरेंट का 10,900 रुपये बिल दिए बिना भागे, होटल मालिक ने पीछा कर पकड़ा