जानकारी के मुताबिक, शिवरात्रि के अवसर पर हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह नांदिया मंदिर में पूजा करने जा रहा था। डाली बाई चौराहे पर वह प्रसाद खरीदने के लिए रुका तो बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे कार सवार विक्रमसिंह घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि इस घटना को गैंगवार के चलते अंजाम दिया गया। फायरिंग करने का आरोप राकेश मांजू पर है। वह भी हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से घायल विक्रम सिंह को एमडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। लोगों का कहना है कि दोनों बदमाशों के बीच काफी समय से दुश्मनी चल रही है।
शुरुआती जांच में पता लगा है कि विक्रम की पीठ के ऊपर गोली लगी, जिससे उसकी दो पसलियां टूट गईं। वहीं, एक गोली उसके शरीर के किसी हिस्से में धंस गई। हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह के समर्थकों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि राकेश मांजू ने फायरिंग की। उसने पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया। उसे पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले राकेश के भाई दिनेश मांजू का कत्ल हो गया था। राकेश को शक है कि इस हत्या में विक्रम भी शामिल था। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश बढ़ती चली गई।