पंजाब-हरियाणा में रंगदारी व अवैध वसूली के बाद अब पंजाब का हार्डकोर अपराधी लॉरेंस बिश्नोई राजस्थान में अपनी जड़ें फैलाने में लगा है। जोधपुर जेल में बंद लॉरेन्स का फेसबुक पेज अपडेट हुआ है, जिसमें इन दिनों राजस्थान में एक लड़की को जिंदा जलाने के बहुचर्चित मामले को लेकर कहा गया है "कानून चले न चले अपने हिसाब से, इसका अब हम करेंगे हिसाब अपने हिसाब से।"
पिछले दिनों शहर में दो व्यापारियों के घर के बाहर फायरिंग करने और निजी ट्रेवल एजेंसी संचालक के घर के बाहर खड़ी मर्सडीज को आग के हवाले करने के मामले में पंजाब के गैंगेस्टर लॉरेंस को जोधपुर पुलिस ने हिरासत में लिया हुआ है। इन दिनों उसकी पुलिस रिमांड चल रहा है। इस बार लॉरेंस की तरफ से फेसबुक अपडेट में हरियाढाणा गांव की घटना का जिक्र हुआ है, जिसमें गांव की एक ब्राह्मण लड़की को जमीनी विवाद व सड़क चौड़ा करने को लेकर हुए विवाद के बाद पेट्रोल डालकर जिन्दा जलाने के मामले में अभी पुलिस व प्रसाशन यह तय नहीं कर पाया की ललिता को जलाया गया या वो खुद जली थी।
माना जा रहा है कि यहां के युवा लड़कों को व ब्राह्मण जाति के युवाओं को अपने संगठन से जोड़ने के लिए लॉरेंस ने यह नया पैंतरा आजमाया है, जो पुलिस के लिए एक पहेली बन चुका लॉरेंस एक बार फिर चुनौती खड़ी कर रहा है।
अपराधियों के फेसबुक पेज अपडेट पर पुलिस का नहीं चलता बस
लॉरेंस बिश्नोई के फेसबुक पेज पर हरियाढाणा गांव की घटना का जिक्र
- फोटो : Internet
अब पुलिस के लिए एक नई चुनौती है कि आखिर कौन लॉरेंस का फेसबुक पेज अपडेट कर रहा है? हालाँकि लॉरेंस के नाम से कई फ़ेसबुक पेज हैं ,लेकिन जब से पुलिस उसे लेकर जोधपुर पहुंची है, तभी से उसका फेसबुक पेज लगातार अपडेट हो रहा है।
ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस हिरासत में होने के बावजूद लॉरेन्स ही पेज अपडेट कर रहा है या फिर उसके इशारे पर गैंग के दूसरे लोग उसका पेज अपडेट कर रहे हैं। गैंगस्टर लॉरेन्स के फेसबुक पर करीब 35 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और आमतौर पर लॉरेन्स का पेज पंजाबी भाषा में ही अपडेट होता है, जिसमें अंग्रेजी टेक्सट का इस्तेमाल होता है।
गौरतलब है कि ठीक इसी तरह ही कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल का भी एक फेसबुक पेज है, जिसमें आए दिन कोई न कोई अपडेट होता रहता है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो ये लोग सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को बरगलाने की कोशिश करते हैं और लोगों की सहानुभूति भी प्राप्त करना चाहते हैं।