मुख्यमंत्री और गृहमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में रंगदारी और फिरौती का बड़ा मामला उजागर हुआ है। जोधपुर शहर के एक बिजनेसमैन को गैंगस्टर ने फोन पर धमकी दी है कि तीन करोड़ रुपये नहीं दिए, तो जान से मारे जाओगे।
दरअसल, चौपासनी रोड पर स्थित नाइयों की बगीची के सामने रहने वाले कारोबारी विनोद सिंघवी ने प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि सोमवार सुबह वे अपने ऑफिस में बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक शख्स का कॉल आया। उसने खुद को गैंगस्टर पुखराज विश्नोई बताते हुए सीधे उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके कुछ देर बाद फिर एक अन्य नंबर से कॉल आया। सैय्यद नज़रूल इस्माम नामक शख्स ने कॉल पर कहा कि सुबह पुखराज विश्नोई से बात हुई थी, उसके बारे में क्या सोचा? सीधे-सीधे तीन करोड़ रुपये दे देना, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
सोमवार सुबह 11 से दोपहर एक बजे के बीच आए दोनों रंगदारी और धमकी भरे कॉल
पुलिस के अनुसार सिंघवी की रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पास सुबह 11 से दोपहर एक बजे के बीच इन बदमाशों के कॉल आए थे। इसके साथ ही उन्होंने इन अनजान बदमाशों से खुद की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से त्वरित एक्शन लेने की गुहार भी की है। अब प्रताप नगर थाने में दर्ज इस मामले की जांच एएसआई मुकेश कुमार कर रहे हैं। इसके तहत बदमाशों के नंबरों की पड़ताल भी शुरू की जा चुकी है।