पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र स्थित कराड़ी गांव में मानवता को झकझोर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहां लूट की नीयत से आए अज्ञात बदमाशों ने एक अधेड़ महिला की अत्यंत क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी। हत्यारों की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महिला के पैरों में पहने चांदी के गहने लूटने के लिए उसके दोनों पैर काटकर अलग कर दिए और उन्हें अपने साथ ले गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है।
आखिरी बार मृतका की बेटी से हुई थी बात
यह पूरी घटना उस समय शुरू हुई जब महिला दोपहर के वक्त अपने घर से खेत की ओर निकली थी। दोपहर में खेत पर रहने के दौरान महिला ने अपनी बेटी से मोबाइल फोन पर बातचीत की थी और उसे जानकारी दी थी कि दो अज्ञात युवक उसके खेत में घुसकर ‘केर’ तोड़ रहे हैं। उस वक्त परिजनों को इस बात का जरा भी आभास नहीं था कि वे युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से वहां मौजूद थे।
जंगल में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव
जब शाम ढलने के बाद भी महिला घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव के समीप एक नाड़ी के पास जंगल में महिला का क्षत-विक्षत और लहूलुहान शव बरामद हुआ।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन भी देर रात दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और बारीकी से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों ने भी मौके से महत्वपूर्ण सबूत एकत्रित किए हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे लूट के इरादे से की गई हत्या माना है, जिसमें हत्यारों ने गहने निकालने के लिए महिला के शरीर पर धारदार हथियार से हमला कर उसके पैर काट डाले।
ये भी पढ़ें:
डर ने ली जान, धर्म बदलने और जबरन शादी के डर से किशोरी ने की आत्महत्या
आरोपियों को गिरफ्तारी तक धरना-प्रदर्शन का एलान
इस नृशंस हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है। हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कराड़ी गांव और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर मारवाड़ जंक्शन के लिए रवाना हो गए हैं। ग्रामीणों ने एलान किया है कि वे मारवाड़ जंक्शन थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे और जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और मृतका द्वारा अपनी बेटी को बताए गए उन दो संदिग्ध युवकों के हुलिए के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।