जोधपुर के मण्डोर पंचायत समिति के पंचायत मुख्यालय केरू की रामदेव कॉलोनी के लोग पिछले कुछ दिनों से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं।
इससे गुस्साए लोगों ने विरोध जताने के लिए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि उनकी कॉलोनी में सैकड़ों परिवार रहते हैं लेकिन अब तक पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था विभाग की ओर से नहीं की गई है, एकमात्र हैण्डपंप के भरोसे हमें पानी नसीब होता है।
ऐसी व्यवस्था के चलते सबको पानी भी ठीक ढंग से नहीं मिल पाता और लाइन में लगने के कारण समय भी खराब होता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की टंकी तक पानी सप्लाई को जो पाइप लाइन डाली गई है कई लोगों ने उसमें ही अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ रखे हैं, इसके बावजूद विभाग उन पर कोई कार्रवाई नहीं करता।
उधर, मामले में कनिष्ठ अभियंता धन्नाराम भाटी ने लोगों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही पेयजल सप्लाई व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।