मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुछ देर के जोधपुर दौरे ने हलचल मचा दी। एयरपोर्ट पर शिकायतों के बाद एक आदेश जारी हुआ। आदेश में डीसीपी (पूर्व) अमित जैन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। उन्हें अब पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है। यह आदेश पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक राजीव शर्मा के निर्देश पर रात 8 बजे जारी किया। जब आदेश जारी हुआ तब सीएम एयरपोर्ट पर ही थे।
सूत्रों के अनुसार जनप्रतिनिधियों की सिफारिश पर उन्हें बालोतरा से 23 जुलाई को ही जोधपुर कमिश्नरेट में बतौर डीसीपी (पूर्व) के पद पर तैनात किया गया था। यह उनका अब तक का सबसे कम समय (2 माह) का कार्यकाल रहा है। सीएम के दौरे के दौरान अचानक हुआ यह फैसला हाल ही में हुए घटनाक्रमों और प्रशासनिक कारणों को देखते हुए माना जा रहा है। इस तबादले से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। एयरपोर्ट पर कई लोगों ने भी डीसीपी (पूर्व) जैन की फोन उठाकर जवाब नहीं देने जैसी भी शिकायतें सीएम से की थीं। हालांकि सीएम से वहां मौजूद कई जनप्रतिनिधियों ने डीसीपी (पूर्व) पर कार्रवाई नहीं करने का आग्रह भी किया था, लेकिन सीएम नहीं माने।
तीन कारणों के लगाए जा रहे कयास
- बताया जा रहा है कि जोधपुर जेडीए के बाहर पाल और आसपास के गांव के लोगों ने कल प्रदर्शन किया था। मूलभूत समस्याओं को लेकर इस प्रदर्शन के दौरान जेडीए के अधिकारियों ने कई बार डीसीपी को कॉल किया, लेकिन डीसीपी ने कॉल अटेंड नहीं किया, इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची।
- बताया जा रहा है कि 15 अगस्त के दिन गौरव पथ पर सड़क हादसा हुआ। लोगों ने रास्ता रोक दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री जब वापस एयरपोर्ट जा रहे थे तो उनके रास्ते को बदला गया। यह भी एक कारण चर्चा का विषय है।
- आईआईटी में निदेशक और सहायक प्रोफेसर के बीच हुए विवाद में मुकदमा देरी से दर्ज करना भी एक कारण बताया जा रहा है।