जोधपुर-जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 80 वर्षीय आसाराम कोरोना संक्रमित होने के बाद से लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से घिरा हुआ है। गुरुवार को जब उसे जिला न्यायालय में पेश किया गया तो वह कमजोर नजर आ रहा था।
पुलिसकर्मियों को देना पड़ा सहारा
इस दौरान आसाराम अपने स्वास्थ्य को लेकर परेशान नजर आया। वह पुलिसवालों से कह रहा था कि डॉ. अरुण त्यागी जी से कब कहेंगे इलाज के लिए, तो एक पुलिसवाले ने कहा कि आप कोर्ट में कहो, कोर्ट ऑर्डर देगा तो डॉ. अरुण त्यागी जी आएंगे। आसाराम बेहद धीमी गति से चलता हुआ कोर्ट में गया। कुछ समय पहले जब आसाराम को जेल से बाहर लाया जाता था तो वह खुद पुलिस के वाहन से नीचे उतरता और आराम से चलकर कोर्ट तक पहुंचता था, लेकिन पांच मई को कोरोना की चपेट में आने के बाद से वह शारीरिक रूप से टूट चुका है।