शनिवार सुबह अपने परिचितों के साथ मथानिया क्षेत्र स्थित राधा रानी मंदिर के दर्शन के लिए निकले प्लाईवुड व्यवसायी की कार बहते नाले में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, एक व्यक्ति लापता है, जबकि एक महिला को ग्रामीणों ने जिंदा बचा लिया।
जानकारी के अनुसार जोधपुर निवासी प्लाईवुड व्यवसायी हरि भंडारी अपने परिचितों के साथ मथानिया क्षेत्र के राधा रानी मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। दर्शन के बाद लौटते समय दईजर क्षेत्र में तेज बारिश के कारण आटिया नाले में पानी का बहाव तेज हो गया था। भंडारी ने सोचा कि कार आराम से निकल जाएगी और उन्होंने वाहन को बहते पानी में उतार दिया लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि उनका कार पर से नियंत्रण छूट गया और वह पुलिया से नीचे गिर गई।
ये भी पढ़ें: Bhilwara News: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 90 लाख से ज्यादा का ट्रांजेक्शन पकड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार
कार के गिरते ही वह तेज बहाव में बहने लगी। घटना के समय ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत रेस्क्यू का प्रयास किया। इस दौरान दो लोगों हरि भंडारी और उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज कंवर नामक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार में सवार चौथे व्यक्ति संपत कुमार की तलाश अब भी जारी है।
सूचना मिलते ही करवाद थाना पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से लापता व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। दोनों मृतकों के शवों को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।